पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कुरूद में भारतीय भाषा समर कैंप 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ

घनश्याम साहू(the chhattisgarh news)

कुरूद, 25 मई 2026।
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कुरूद में “भारतीय भाषा समर कैंप 2026” का शुभारंभ सोमवार को उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। यह समर कैंप 25 मई 2026 से प्रारंभ होकर एक सप्ताह तक संचालित किया जाएगा। इस वर्ष कैंप में विद्यार्थियों को तेलुगु भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा, संस्कृति एवं भाषाई विविधता से परिचित कराना है। समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को तेलुगु भाषा के बोलचाल, लेखन, उच्चारण तथा दैनिक प्रयोग से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। साथ ही तेलुगु संस्कृति, लोक परंपराओं एवं साहित्य से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा।तेलुगु भाषा शिक्षिका श्रीमती गीता रेड्डी विद्यार्थियों को सरल एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से भाषा का प्रशिक्षण दे रही हैं। कैंप में भाषा सीखने के लिए गीत, संवाद, शब्दावली अभ्यास, लेखन गतिविधियाँ एवं सांस्कृतिक परिचर्चा जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों में नई भाषा सीखने के प्रति उत्साह देखा जा रहा है।विद्यालय की प्राचार्य ग्लोरिया मिंज ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत भारतीय भाषाओं के संरक्षण और प्रोत्साहन पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की भाषाई विविधता हमारी सबसे बड़ी सांस्कृतिक शक्ति है और ऐसे समर कैंप विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ एवं बहुभाषी ज्ञान से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के संयोजक डेहर राम साहू ने बताया कि समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों को भाषा सीखने के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि सीखने की प्रक्रिया आनंददायक बन सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में कैंप को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।समर कैंप के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की तथा तेलुगु भाषा के प्रारंभिक शब्दों एवं अभिवादन शैली को सीखा। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं भारतीय भाषाओं के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!