भुसरेगा नवीन सहकारी समिति में किसानों को समय पर मिल रही खाद, बेहतर व्यवस्था से किसानों में खुशी

घनश्याम साहू (The Chhattisgarh News)

धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड अंतर्गत संचालित नवीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भुसरेगा किसानों के लिए बेहतर कार्यप्रणाली का उदाहरण बनकर उभर रही है। समिति के प्रभारी प्रबंधक शिवानंद सेन के नेतृत्व में किसानों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद का वितरण किया जा रहा है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। समिति द्वारा किसानों को खाद वितरण के साथ-साथ एग्री स्टैक से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है, जिससे वे शासन की कृषि संबंधी योजनाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं से जुड़ सकें। किसानों का कहना है कि समिति के कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता है। गौरतलब है कि इससे पहले क्षेत्र के किसान प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बगौद से जुड़े हुए थे। लेकिन अलग समिति बनने के बाद नवीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भुसरेगा में किसानों को अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक सेवाएं मिल रही हैं। समय पर खाद उपलब्ध कराने, आवश्यक जानकारी देने तथा किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के कारण किसानों में संतोष और खुशी का माहौल है। किसानों ने बताया कि प्रभारी समिति प्रबंधक शिवानंद सेन एवं समिति के सभी कर्मचारी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं। उनकी सक्रियता और समर्पित कार्यशैली के चलते किसानों का समिति पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। किसानों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी प्रकार की पारदर्शी और किसान हितैषी व्यवस्था जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!