नशा छोड़ो या कार्यवाही झेलो, सिंधौरी कला का सख्त फरमान-सरपंच दुलार साहू

घनश्याम साहू(The Chhattisgarh News)

ग्राम सिंधौरी कला में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने तथा शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से ग्राम विकास समिति एवं ग्राम पंचायत की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव को नशामुक्त, शिक्षित एवं अनुशासित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में कोई भी व्यक्ति नशा करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्यवाही की जाएगी। साथ ही यदि किसी अन्य गांव का व्यक्ति सिंधौरी कला में आकर नशा करते हुए पाया जाता है, तब भी उसके विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कार्यवाही की जाएग युवाओं में अनुशासन एवं अध्ययन की संस्कृति विकसित करने के लिए यह भी निर्णय लिया गया कि कोई भी युवा शाम 7 बजे के बाद गांव के चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से बैठा हुआ नहीं पाया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने माना कि देर शाम तक चौक-चौराहों पर बैठने की प्रवृत्ति कई सामाजिक समस्याओं को जन्म देती है, इसलिए युवाओं को अध्ययन, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाएगा।बैठक में शिक्षा सुधार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ग्राम विकास समिति द्वारा गठित निरीक्षण समिति समय-समय पर विद्यार्थियों के घरों का आकस्मिक निरीक्षण करेगी तथा बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति की जानकारी लेकर अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगी। समिति विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने का प्रयास करेगी।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, युवाओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने नशामुक्त गांव, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि गांव के बच्चों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।ग्राम विकास समिति एवं ग्राम पंचायत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गांव में नशे, अनुशासनहीनता और शिक्षा के प्रति उदासीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गांव के विकास, सामाजिक सद्भाव और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से ग्राम प्रमुख श्रीकांत मिश्रा, सरपंच दुलार साहू, सचिव परमेश्वर साहू, उपसरपंच भूपेंद्र ध्रुव, भगत साहू, केवलराम साहू, गजेंद्र साहू, रिखीराम साहू, रमेश साहू, कन्हैया साहू, लोकण साहू, झाड़ूराम, देवलाल साहू, पोखराज साहू, विनोद साहू, गुलाबचंद साहू, लीलाराम, चेतन साहू, मानदास कोतवाल, द्वारिका साहू, दिनेश साहू, करण साहू, चोवाराम साहू, किशन साहू, महेश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!