वीएसके ऐप की तकनीकी समस्याओं का समाधान किए बिना शिक्षकों का वेतन रोकना न्यायसंगत नहीं – लुकेश राम साहू

घनश्याम साहू(The Chhattisgarh News)

कुरूद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के कुरूद ब्लॉक अध्यक्ष लुकेश राम साहू ने लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जुलाई माह के वेतन आहरण के संबंध में जारी निर्देशों पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वीएसके (VSK) ऐप में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर किए बिना शिक्षकों के वेतन को ऑनलाइन उपस्थिति से जोड़ना पूरी तरह अनुचित एवं अव्यावहारिक है।

साथ ही प्रांतीय प्रवक्ता हुलेश चंद्राकर ने बताया कि फेडरेशन प्रारंभ से ही पत्राचार, ज्ञापन तथा विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से विभाग का ध्यान वीएसके ऐप की तकनीकी खामियों, नेटवर्क संबंधी बाधाओं, सर्वर की समस्या तथा अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर आकर्षित करता रहा है। इसके बावजूद इन समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय विभाग द्वारा ऐसा आदेश जारी किया गया है, जिसमें ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर ही वेतन आहरण के निर्देश दिए गए हैं।

श्री साहू ने कहा कि तकनीकी कारणों से यदि किसी शिक्षक की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है, तो इसका दुष्परिणाम उसके वेतन पर नहीं पड़ना चाहिए। यह निर्णय शिक्षकों में मानसिक तनाव, असंतोष और असुरक्षा की भावना उत्पन्न करेगा, जिसका प्रतिकूल प्रभाव विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण एवं शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ेगा।

उन्होंने शासन एवं विभाग से आग्रह किया कि पहले वीएसके ऐप की सभी तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद ही ऑनलाइन उपस्थिति से संबंधित किसी भी प्रकार की बाध्यकारी व्यवस्था लागू की जाए। शिक्षकों का वेतन रोकने जैसी कार्रवाई से बचते हुए उन्हें निर्भय होकर शिक्षण कार्य करने का अवसर दिया जाए।

फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि यदि शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं की अनदेखी कर इस प्रकार के आदेश लागू किए गए, तो प्रदेशभर में शिक्षकों में व्यापक आक्रोश उत्पन्न होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग एवं शासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!