
घनश्याम साहू (the chhattisgarh news)
पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरुद के कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष का परिणाम न केवल शत-प्रतिशत सफलता का प्रतीक है, बल्कि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का सशक्त उदाहरण भी है।इस वर्ष रुद्रांश साहू (पिता: मनीष कुमार साहू, माता: कविता साहू) ने 97% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। रुद्रांश की विशेष उपलब्धि यह रही कि उन्होंने संस्कृत और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) दोनों विषयों में 100/100 अंक प्राप्त किए, जो उनकी लगन और प्रतिभा को दर्शाता है।
द्वितीय स्थान पर धनश्री साहू (पिता: यशवंत कुमार साहू, माता: सुमन लता साहू) रहीं, जिन्होंने 96.4% अंक अर्जित किए। धनश्री ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन किया और उन्होंने भी एक विषय में 100/100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।तृतीय स्थान पर हेमांशु धीवर (पिता: चोवालाल धीवर, माता: अमृत धीवर) ने 92.4% अंक प्राप्त किए।वहीं चतुर्थ स्थान पर वेदांत साहू (पिता: श्री दुगेश्वर कुमार साहू, माता: श्रीमती तेजेश्वरी साहू) ने 90.8% अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, अभिभावकों और नियमित अध्ययन को दिया। रुद्रांश साहू ने कहा, “नियमित अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हुई।” धनश्री साहू ने बताया, “समय प्रबंधन और निरंतर मेहनत ने मुझे यह उपलब्धि दिलाई।”विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ग्लोरिया मिंज ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा, “यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों की समर्पित शिक्षा और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। मैं सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूँ।”इस उत्कृष्ट परिणाम के पीछे विद्यालय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। गणित शिक्षक श्री नेमसिंह साहू, विज्ञान शिक्षक श्री गणेश राम कावड़े, सामाजिक विज्ञान शिक्षक श्री डेहरराम साहू, हिंदी शिक्षक श्री मनोज कुमार केसरिया, संस्कृत शिक्षिका श्रीमती ऋचा त्रिपाठी, अंग्रेजी शिक्षिका श्रीमती नलिनी श्रीवास तथा एआई शिक्षक श्री मुकुल अवस्थी ने विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान की, जिसके फलस्वरूप यह शानदार परिणाम संभव हो पाया।विद्यार्थियों की इस सफलता से अभिभावकों में भी खुशी की लहर है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरुद ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि वह न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
